जनगणना-2027: जनपद का कोई भी गांव, कॉलोनी या मोहल्ला न छूटे, समस्या होने पर तुरंत दें सूचना – डीएम
कंट्रोल इंडिया ब्यूरो
गौतमबुद्धनगर।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी गौतमबुद्धनगर ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में जनपद का कोई भी क्षेत्र छूटना नहीं चाहिए। यदि किसी गांव, मोहल्ले, कॉलोनी अथवा शहरी क्षेत्र में जनगणना का कार्य नहीं हुआ है या किसी नागरिक को किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो वह तत्काल संबंधित अधिकारी अथवा कंट्रोल रूम को सूचित करें।
डीएम ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद का कोई भी गांव, बस्ती, कॉलोनी अथवा आवासीय क्षेत्र जनगणना कार्य से वंचित न रह जाए। इसके लिए जनपद स्तर पर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना संबंधी शिकायतों एवं जानकारी के लिए राष्ट्रीय जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 तथा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम नंबर 0120-2978231 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी से 0120-2353114 पर संपर्क किया जा सकता है।
ग्रेटर नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र के निवासियों के लिए विशेष कार्याधिकारी का मोबाइल नंबर 9838234628, नोएडा क्षेत्र के लिए 9667749532 तथा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लिए 7982710071 निर्धारित किया गया है।
तहसील स्तर पर भी अधिकारियों के संपर्क नंबर जारी किए गए हैं ताकि जनसामान्य को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डीएम ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें तथा प्रगणकों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि देश और समाज के भविष्य की विकास यात्रा का आधार है। इसलिए यदि किसी क्षेत्र में जनगणना कार्य नहीं हुआ है तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि जनपद गौतमबुद्धनगर का कोई भी नागरिक और कोई भी क्षेत्र जनगणना-2027 से वंचित न रह सके।
@dmgbnagar @UPGovt @InfoDeptUP