आज दिनांक 09.06.2026 को साइबर क्राइम मुख्यालय लखनऊ उत्तर प्रदेश तथा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), लखनऊ के मध्य साइबर सुरक्षा, अनुसंधान, नवाचार, क्षमता निर्माण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए ।
इस समझौते पर श्री विनोद कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम उत्तर प्रदेश तथा डॉ0 ए0 एम0 शैरी, निदेशक, IIIT लखनऊ द्वारा हस्ताक्षर किए गए ।
यह सहयोग अनुसंधान एवं विकास, साइबर सुरक्षा उत्पादों एवं तकनीकी समाधानों के संयुक्त विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संरचित इंटर्नशिप, फैकल्टी एवं विशेषज्ञ आदान-प्रदान तथा व्यापक साइबर जागरूकता अभियानों को प्रोत्साहित करेगा । साथ ही युवाओं, शिक्षण संस्थानों एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवीन अवसर एवं विशेषज्ञता प्राप्त करने का मंच उपलब्ध कराएगा ।
इस अवसर पर साइबर क्राइम मुख्यालय से श्री पवन कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक साइबर क्राइम, श्री राजेश कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम एवं श्री रोहण झा, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम सहित व भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), लखनऊ की ओर से डॉ0 निहारिका आनन्द, उप कुलसचिव, श्री दीपक सिंह प्रोफेसर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे । यह समझौता उत्तर प्रदेश में सुरक्षित, सक्षम एवं जागरूक डिजिटल समाज के निर्माण के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग एवं नवाचार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा ।