📚✍️ नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा के सफल एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर गुरुग्राम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट।
21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी 2026 पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी तथा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक श्री अभिषेक सिंह ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक की। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता, अभ्यर्थियों की सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत उपायुक्त (डीसी) एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री उत्तम सिंह ने लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस महत्वपूर्ण परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीसी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
📌 अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव सहित किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त ज्योमेट्री बॉक्स, राइटिंग पैड, स्केल, इरेजर, हैंडबैग, वॉलेट, बेल्ट, टोपी एवं धातु के आभूषणों के साथ भी प्रवेश वर्जित रहेगा।
बैठक में एडीसी श्री सोनू भट्ट, डीसीपी ईस्ट श्री संदीप मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
#NEETUG2026 #NEETReExam #Gurugram #NTA #ExamManagement #StudentFirst #TransparentExamination #DistrictAdministrationGurugram